(कोतवाली देहात हरदोई):

हरदोई के कोतवाली देहात इलाके के ग्राम मढ़िया में रविवार की शाम ऐसा मंजर देखने को मिला, जिसे देखकर हर किसी का कलेजा कांप गया। गांव निवासी प्रवीण वाजपेई का इकलौता बेटा अर्चित घर के बाहर खेल रहा था। तभी अचानक आवारा कुत्तों का झुंड उस पर टूट पड़ा।
चश्मदीदों के मुताबिक कुत्ते मासूम अर्चित को नोचते हुए झाड़ियों की तरफ घसीट ले जा रहे थे। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर भी कुछ पल तक कोई कुछ समझ नहीं पाया। इसी बीच पड़ोस की एक महिला भैंस खोलने के लिए बाहर निकली, तो उसकी नजर झाड़ियों की ओर गई। वहां का नजारा देखते ही वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी।
महिला की आवाज सुनते ही गांव के लोग दौड़ पड़े। किसी के हाथ में लाठी थी तो किसी के हाथ में डंडा। सभी ने मिलकर कुत्तों को भगाया और किसी तरह मासूम अर्चित को उनके चंगुल से छुड़ाया। तब तक बच्चा लहूलुहान हो चुका था।
परिजनों ने सोमवार दोपहर करीब 12 बजे बताया कि घटना के बाद बिना समय गंवाए घायल बच्चे को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। कुत्तों के हमले में अर्चित को गंभीर चोटें आई हैं।
इस घटना के बाद मढ़िया गांव में डर और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के आसपास आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।







