
बिलग्राम (हरदोई): बिलग्राम थाना क्षेत्र के तिरवा चांदपुर गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 52 वर्षीय मजदूर का शव घर के छप्पर के नीचे फांसी के फंदे से लटकता मिला। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मृतक की पहचान नन्हेलाल के रूप में हुई है, जो मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार, नन्हेलाल ने अपने घर के छप्पर में लगी लकड़ी की बल्ली के सहारे गमछे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
घटना का पता उस समय चला जब मृतक के भाई ननहक्के ने सुबह उन्हें छप्पर के नीचे फांसी पर लटका देखा। यह दृश्य देखते ही उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की सूचना पर तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही बिलग्राम थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाया और पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बिलग्राम पुलिस ने गुरुवार सुबह करीब 8:00 बजे जानकारी देते हुए बताया कि अभी तक यह मामला सिर्फ आत्महत्या का ही प्रतीत हो रहा है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद से मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना को लेकर शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।







