
Bilgram news: बिलग्राम तहसील क्षेत्र में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नगर चौराहा के पास स्थित उद्योग गली में एक फास्ट फूड दुकानदार का शव उसकी ही दुकान के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान उद्योग गली निवासी आनंद प्रजापति के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आनंद नगर चौराहा के पास उद्योग गली के सामने फास्ट फूड की दुकान चलाते थे। वह दिन में दुकान के बाहर ठेली लगाकर फास्ट फूड बेचते थे और रात के समय दुकान के अंदर ही सो जाया करते थे।
रविवार सुबह जब आनंद काफी देर तक घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उनके पिता दुकान पर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने दुकान का शटर खोला, अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। आनंद का शव दुकान के अंदर फंदे से लटका हुआ था।
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में थाना प्रभारी ने सोमवार सुबह करीब 8 बजे जानकारी देते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को स्पष्ट किया जा सकेगा और उसी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।







