एक बदमाश के पैर में लगी गोली, उपनिरीक्षक भी घायल

हरदोई जिले के संडीला कोतवाली क्षेत्र में बुधवार तड़के पुलिस और शातिर चोर गिरोह के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। संडीला पुलिस ने करीब सुबह 5 बजे काशीराम कॉलोनी के पास मुठभेड़ के बाद पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में एक उपनिरीक्षक भी घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक संडीला को मुखबिर से सूचना मिली थी कि काशीराम कॉलोनी के पास कुछ बदमाश चोरी के माल का आपस में बंटवारा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने अचानक पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें शातिर अपराधी लल्लू के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके से उसके अन्य साथियों जमीन, सुनील, विद्यासागर और अनूप को दबोच लिया।
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली से उपनिरीक्षक करुणेश पाठक भी घायल हो गए। घायल बदमाश और घायल उपनिरीक्षक को तत्काल संडीला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से करीब 5 लाख 45 हजार रुपये नकद, भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और अवैध असले बरामद किए हैं। पूछताछ में बदमाशों ने स्वीकार किया है कि वे दिन के समय गांवों में रेकी करते थे और रात के अंधेरे में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से संडीला और आसपास के इलाकों में सक्रिय था। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है।
इस वारदात से जुड़ी आगे की जानकारी जानने के लिए हमारी वेबसाइट से जुड़े रहें







