सांडी (हरदोई):

हरदोई जिले के सांडी थाना क्षेत्र के सैतियापुर गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अधेड़ व्यक्ति का शव घर के कमरे के अंदर फांसी पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान सैतियापुर निवासी कृष्ण बिहारी (पुत्र सियाराम राठौर) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, कृष्ण बिहारी काफी समय से बीमार चल रहे थे और उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रहती थी।
मृतक के पुत्र धर्मवीर ने बताया कि देर रात कृष्ण बिहारी अपने कमरे में सोने गए थे। सुबह जब दरवाजा नहीं खुला तो परिवार के लोगों ने अंदर जाकर देखा, जहां वह गमछे के सहारे फांसी पर लटके मिले। यह दृश्य देख परिजन सदमे में आ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सांडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक जांच शुरू की। इसके बाद शनिवार दोपहर लगभग 3 बजे शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।







