
भारत-पाकिस्तान मैच रद्द: T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला अब नहीं खेला जाएगा। यह मैच 15 फरवरी 2026 को श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में होना तय था, लेकिन पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ इस मुकाबले का बहिष्कार करने का फैसला लिया है।
बताया जा रहा है कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) द्वारा टूर्नामेंट में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किए जाने के बाद पाकिस्तान ने यह कदम उठाया है। इसी फैसले के विरोध में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया।
पाकिस्तान ने रविवार को आधिकारिक रूप से घोषणा की कि वह T20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेगा, लेकिन भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में मैदान पर नहीं उतरेगा। इस घोषणा के बाद भारत-पाक मैच को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लग गया है।
इस फैसले की जानकारी पाकिस्तान सरकार की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट के जरिए दी गई। पोस्ट में कहा गया कि पाकिस्तान सरकार ने अपनी क्रिकेट टीम को ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग लेने की अनुमति दे दी है, लेकिन 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में पाकिस्तान क्रिकेट टीम मैदान पर नहीं उतरेगी।
भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला यह मुकाबला क्रिकेट प्रेमियों के बीच हमेशा चर्चा का विषय रहता है। हालांकि अब इस टूर्नामेंट में दोनों टीमों के बीच मैच नहीं होगा।







