बालामऊ / शाहजहांपुर:

रोज़ सुबह ट्रेन पकड़कर काम-धंधे और पढ़ाई के लिए जाने वाले यात्रियों के लिए एक ज़रूरी खबर है। बालामऊ से शाहजहांपुर के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन के समय में उत्तर रेलवे ने बदलाव कर दिया है। रेलवे की ओर से जारी सूचना के मुताबिक नया समय आज 30 जनवरी से लागू कर दिया गया है।
अब तक यह पैसेंजर ट्रेन बालामऊ जंक्शन से सुबह 6:25 बजे चला करती थी, लेकिन समय में संशोधन के बाद ट्रेन अब 15 मिनट पहले यानी 6:10 बजे रवाना होगी। अप दिशा में चलने वाली इस ट्रेन से बालामऊ, पिहानी, हरदोई और आसपास के इलाकों के सैकड़ों यात्री रोज़ सफर करते हैं।
हालांकि फिलहाल यह पैसेंजर ट्रेन 1 दिसंबर से 1 मार्च तक निरस्त चल रही है, लेकिन रेलवे ने पहले ही समय में बदलाव की जानकारी जारी कर दी है, ताकि ट्रेन दोबारा शुरू होने पर यात्रियों को कोई भ्रम न रहे।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यह बदलाव संचालन व्यवस्था को दुरुस्त करने और समय पालन बेहतर बनाने के लिए किया गया है। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन के संचालन से पहले स्टेशन या रेलवे सूचना बोर्ड से समय की पुष्टि जरूर कर लें।
स्थानीय यात्रियों का कहना है कि सुबह की ट्रेन के समय में बदलाव से उन्हें अपने काम और यात्रा की प्लानिंग पहले से करने में सहूलियत मिलेगी।




