छिंदवाड़ा (मध्य प्रदेश):

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां मानसिक तनाव से परेशान एक युवक ने आत्महत्या करने की कोशिश की। युवक ने पहले फांसी लगाकर जान देने का प्रयास किया, लेकिन रस्सी टूट गई और उसकी जान बच गई।
इसके बाद युवक ने खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे नागपुर रेफर कर दिया। फिलहाल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक युवक का नाम मोनू है, जो मकान निर्माण और खेती-किसानी से जुड़ा काम करता था। परिजनों ने बताया कि मोनू पहले नशे का आदी था, जिसे उसने कुछ समय पहले छोड़ दिया था। नशा छोड़ने के बाद से वह चुपचाप रहने लगा था और मानसिक रूप से काफी परेशान दिखाई देता था।
रात के समय कमरे से आवाज आने पर परिजनों को शक हुआ। जब दरवाजा तोड़कर अंदर गए तो युवक घायल हालत में पड़ा मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में युवक के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि युवक के ठीक होने के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी।







