
अभिषेक शर्मा अस्पताल में भर्ती: टीम इंडिया के युवा और दमदार ओपनर अभिषेक शर्मा इन दिनों क्रिकेट नहीं, बल्कि अपनी सेहत से जूझ रहे हैं। पेट की तेज़ समस्या के चलते उन्हें दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऐसे में 12 फरवरी को अरुण जेटली स्टेडियम में होने वाले भारत बनाम नामीबिया मुकाबले से पहले टीम मैनेजमेंट की धड़कनें तेज हो गई हैं।
अरुण जेटली स्टेडियम में दिख सकते हैं बदलाव
क्रिकेट सूत्रों की मानें तो अगर अभिषेक पूरी तरह फिट नहीं हो पाए, तो नामीबिया के खिलाफ उनकी जगह संजू सैमसन को मौका दिया जा सकता है। टीम प्रबंधन कोई जोखिम नहीं लेना चाहता, खासकर जब आगे और भी बड़े मुकाबले लाइन में हैं।
पाकिस्तान मैच को लेकर राहत की खबर
हालांकि फैंस के लिए राहत की बात यह है कि टीम का मेडिकल स्टाफ और कोचिंग यूनिट आश्वस्त है कि अभिषेक शर्मा 15 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले तक फिट हो सकते हैं। इस मैच को लेकर पहले से ही जबरदस्त माहौल बना हुआ है।
गंभीर के घर डिनर और अचानक बिगड़ी तबीयत
दिल्ली के क्रिकेट गलियारों में यह चर्चा आम है कि रविवार को अभिषेक शर्मा मुख्य कोच गौतम गंभीर के घर आयोजित डिनर में शामिल हुए थे। बाकी खिलाड़ी जहां देर तक बैठे रहे, वहीं अभिषेक कुछ ही देर में वहां से निकल गए। बताया जा रहा है कि उसी दौरान उन्हें पेट में परेशानी महसूस हुई, जो बाद में गंभीर हो गई।
अमेरिका मैच के बाद और बिगड़ी हालत
जानकारी के मुताबिक अभिषेक शर्मा अमेरिका के खिलाफ पिछले मुकाबले से पहले भी पूरी तरह फिट नहीं थे। बावजूद इसके उन्होंने मैदान संभाला। मैच के बाद उनकी हालत और खराब हो गई। तेज बुखार आने पर तुरंत उन्हें ड्रिप चढ़ाई गई और डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया।
अपनी तेजतर्रार बल्लेबाज़ी और बेखौफ अंदाज़ के लिए पहचाने जाने वाले अभिषेक शर्मा आज टीम इंडिया की नई पीढ़ी का चेहरा हैं। ऐसे में दिल्ली से लेकर उनके गृह राज्य तक फैंस यही दुआ कर रहे हैं कि वह जल्द ठीक होकर फिर से नीली जर्सी में मैदान पर उतरें।







