
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है यहां शराब के लिए रुपए न मिलने पर एक बेटे ने अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी। यह वारदात इलाके में दहशत और आक्रोश का कारण बन गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान माया देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनका बड़ा बेटा अरविंद शराब का आदी था। घटना वाले दिन वह नशे की हालत में घर पहुंचा और मां से शराब के लिए पैसे मांगने लगा। जब माया देवी ने पैसे देने से इनकार किया, तो अरविंद आपा खो बैठा।
गुस्से में उसने घर में खड़ी बाइक के सोकर से मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में माया देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। महिला के देवर के मुताबिक, वारदात के बाद भी आरोपी बेटा वहीं बैठा रहा और मां को तड़पता देखता रहा। शोर सुनकर जब पड़ोसी मौके पर पहुंचे, तो अरविंद वहां से फरार हो गया।
परिजन आनन-फानन में माया देवी को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी बेटे अरविंद को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस जघन्य घटना ने एक बार फिर नशे की लत से पैदा होने वाले पारिवारिक अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







