
हरदोई (उत्तर प्रदेश): केंद्रीय बजट को लेकर रविवार दोपहर 2 बजे भाजपा कार्यालय में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिले के प्रभारी मंत्री अरुण ने कहा कि यह केंद्रीय बजट देश को नई दिशा देने वाला है और इसमें समाज के हर वर्ग के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है।
प्रभारी मंत्री अरुण ने कहा कि केंद्र सरकार “सबका साथ, सबका विकास” के मूल मंत्र पर लगातार काम कर रही है। बजट में किसानों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों और मध्यम वर्ग सभी के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल विकास करना नहीं, बल्कि विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
प्रेस वार्ता में प्रभारी मंत्री ने हरदोई जिले के लिए बड़ी उपलब्धि का जिक्र करते हुए बताया कि यहां टेक्सटाइल पार्क की स्थापना से स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। इससे न केवल जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि युवाओं को अपने ही क्षेत्र में काम करने का मौका मिलेगा।
उन्होंने कहा कि टेक्सटाइल पार्क बनने से छोटे व्यापारियों, बुनकरों और श्रमिकों को सीधा लाभ होगा और हरदोई औद्योगिक रूप से भी आगे बढ़ेगा। मंत्री ने इसे जिले के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया।
इस अवसर पर हरदोई विधायक मानवेंद्र प्रताप सिंह रानू, जिला अध्यक्ष अजीत सिंह तथा जिला पंचायत सदस्य देववती भी मौजूद रहीं। सभी नेताओं ने केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए इसे जनहितकारी विकासोन्मुखी बताया।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम है और आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।




