
बुधवार दोपहर 2 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान जिला अधिकारी अनुनय झा ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।
इस दौरान कुल 59 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर जिला अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल और समयबद्ध निस्तारण के स्पष्ट निर्देश दिए। डीएम अनुनय झा ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का समाधान गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाना चाहिए, ताकि जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई के दौरान कुछ मामलों को जिला अधिकारी ने मौके पर ही सुनकर समाधान करा दिया, जिससे शिकायतकर्ताओं को बड़ी राहत मिली।
इस अवसर पर उप जिला अधिकारी गरिमा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। जनसुनवाई के दौरान प्रशासनिक अमले की सक्रियता देखने को मिली और आमजन ने भी अपनी समस्याओं को खुलकर रखा।
जिला प्रशासन द्वारा नियमित रूप से आयोजित की जा रही इस जनसुनवाई को जनता के लिए अपनी बात रखने का एक प्रभावी मंच माना जा रहा है।




