डीडवाना (राजस्थान):

राजस्थान के डीडवाना जिले में गुरुवार तड़के चोरों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शहर के व्यस्त इलाके में स्थित एक ज्वेलरी शोरूम को 7 नकाबपोश बदमाशों ने निशाना बनाते हुए महज 30 मिनट में करीब 2 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 2:45 बजे बदमाश शटर तोड़कर शोरूम के अंदर घुसे। इसके बाद उन्होंने अंदर रखे कीमती गहनों को प्लास्टिक की बोरियों में भरना शुरू किया। बदमाश इतने बेखौफ थे कि किसी तरह की जल्दबाजी भी नहीं दिखी। करीब 3:15 बजे सभी आरोपी सामान लेकर मौके से फरार हो गए।
पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि सभी बदमाश पहले से तैयारी करके आए थे और सीधे गहनों पर हाथ साफ कर दिए।
शोरूम मालिक ने बताया कि चोर सोने-चांदी के जेवरात, करीब 45 किलो चांदी के बर्तन, लगभग 10 हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। मालिक सुबह जब शोरूम खोलने पहुंचे तो टूटा हुआ शटर देखकर उनके होश उड़ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही एएसआई मौके पर पहुंचे और पुलिस टीम ने आसपास के इलाके को घेर लिया। मौके से फिंगरप्रिंट और जरूरी सबूत जुटाए गए हैं। साथ ही पास-पड़ोस के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।
इस बड़ी चोरी के बाद डीडवाना के व्यापारियों में भारी नाराजगी है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि रात के समय गश्त ढीली होने के चलते ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। फिलहाल पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।







