रामपुर (उत्तर प्रदेश):

रामपुर जिले के अजीम नगर थाना इलाके के कुम्हरिया गांव में रविवार की रात ऐसा वाक्य हुआ कि गांव की चाय की दुकानों पर बस इसी की चर्चा रही। शादी की खुशियों के बीच दुल्हन को अचानक पेट दर्द उठा और पहली ही रात उसने एक बच्ची को जन्म दे दिया।
गांव वालों के मुताबिक कुम्हरिया गांव के युवक का बहादुरगंज की रहने वाली युवती से पहले से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों का आना-जाना काफी समय से था। इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई, लेकिन बात घर तक नहीं पहुंची।
कुछ दिन पहले युवती सीधे थाने पहुंची और युवक से शादी की मांग रख दी। इसके बाद अजीम नगर थाने की पुलिस और ग्राम प्रधान ने दोनों परिवारों को बैठाकर बातचीत कराई। पंचायत जैसी बैठक के बाद दोनों की शादी तय कर दी गई।

शनिवार शाम गांव में हलचल रही। ढोल-नगाड़ों के साथ दूल्हा दुल्हन को विदा कराकर घर लाया। रात में अचानक दुल्हन की तबीयत बिगड़ गई। उसने पति से कहा कि पेट में बहुत तेज दर्द हो रहा है। घबराए पति ने तुरंत गांव की महिला डॉक्टर को बुलवाया।
रविवार सुबह दुल्हन ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। खबर फैलते ही गांव में भीड़ जुट गई। लोग हैरान थे कि शादी की पहली ही रात बच्चा कैसे हो गया। बाद में साफ हुआ कि युवती पहले से गर्भवती थी।
हालांकि इस मामले में किसी तरह का विवाद नहीं हुआ। दूल्हे ने बच्ची को गोद में लेकर मिठाइयां बांटी और खुशी जाहिर की। पुलिस के अनुसार दोनों पक्ष आपसी सहमति से साथ रह रहे हैं और किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते।
फिलहाल कुमारिया गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। कोई इसे किस्मत बता रहा है तो कोई प्रेम कहानी का अंजाम, लेकिन गांव में आज भी लोग यही कह रहे हैं ऐसी शादी पहली बार देखी।







