पानीपत (हरियाणा):

पानीपत फैक्ट्री हादसा: पानीपत की एक फैक्ट्री में हुआ यह मामला सुनकर हर कोई सन्न है। यहां काम के दौरान किया गया एक मजाक ऐसा भारी पड़ा कि एक मजदूर को ऑपरेशन टेबल तक पहुंचा दिया। लोग कह रहे हैं – “हंसी-ठिठोली अपनी जगह है, लेकिन अक्ल साथ में रहनी चाहिए।”
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले का रहने वाला सोनू रोज़ की तरह 23 जनवरी की सुबह फैक्ट्री में काम पर आया था। बोरे उठाने वाला सोनू उस वक्त फैक्ट्री के एक कमरे में प्रेशर एयर पाइप से अपने कपड़े साफ कर रहा था। पास ही उसका साथी अमन भी मौजूद था। कपड़े साफ करने के बाद सोनू ने पाइप अमन को थमा दिया। तभी अमन ने मजाक में ऐसी हरकत कर दी, जिसका किसी ने अंदाजा नहीं लगाया था। अमन ने हंसी-मजाक में वही हाई प्रेशर पाइप सोनू के पीछे के हिस्से में लगा दिया। तेज दबाव की हवा सीधे सोनू के शरीर के अंदर चली गई।
कुछ ही पलों में सोनू के पेट में असहनीय दर्द शुरू हो गया। वह वहीं बैठ गया और कराहने लगा। हालत बिगड़ती देख फैक्ट्री में मौजूद दूसरे मजदूर घबरा गए और आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि तेज हवा के दबाव से सोनू की आंत फट गई है। जिसके चलते तुरंत ऑपरेशन करना पड़ा। कई घंटे की मशक्कत के बाद डॉक्टरों ने उसकी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची। पीड़ित सोनू की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कर्मचारी अमन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। डॉक्टरों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद सोनू की हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।
इस घटना के बाद फैक्ट्री और आसपास के इलाके में यही चर्चा है कि काम की जगह पर की गई लापरवाही और बेवजह का मजाक कितना खतरनाक साबित हो सकता है। एक पल की शरारत किसी की पूरी जिंदगी बदल देती है।







