हापुड (उत्तर प्रदेश)

हापुड़-बुलंदशहर रोड पर गुलावठी टोल प्लाजा के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब महिंद्रा कंपनी की चमचमाती BE6 इलेक्ट्रिक कार अचानक धू-धू कर जल उठी। लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक ना कोई टक्कर हुई, ना कोई एक्सीडेंट, गाड़ी एकदम सही हालत में चल रही थी। अचानक बोनट से धुआं निकला और कुछ ही पलों में आग की लपटें उठने लगीं। टोल पर मौजूद लोग डर के मारे दूर हट गए, किसी ने मोबाइल निकाल लिया तो किसी ने पुलिस को फोन कर दिया।
गाड़ी चला रहा युवक वक्त रहते समझ गया और तुरंत कार साइड में लगाकर बाहर कूद गया। गनीमत रही कि ड्राइवर बाल-बाल बच गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
अब लोग सोशल मीडिया पर कह रहे हैं जिस गाड़ी की कीमत 20 से 30 लाख रुपये है, वो अगर यूं सड़क पर अपने आप जल जाए तो आम आदमी क्या भरोसा करे।
फिलहाल आग लगने की सही वजह साफ नहीं हो पाई है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि मामला बैटरी या इलेक्ट्रिक सिस्टम की खराबी से जुड़ा हो सकता है। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और कंपनी को भी जानकारी दे दी गई है।







