गाजियाबाद ( उत्तर प्रदेश)

क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए न्यूड वीडियो कॉल का धंधा पकड़ लिया। सेवियर स्ट्रीट मार्केट के दो फ्लैटों में यह गोरखधंधा चुपचाप चल रहा था। पुलिस की छापेमारी में एक युवक और सात लड़कियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
इलाके के लोगों का कहना है कि फ्लैट नंबर 612 और 601 में काफी समय से अजीब हरकतें चल रही थीं। दिन में तो सन्नाटा रहता था, लेकिन शाम होते ही फ्लैट में हलचल बढ़ जाती थी। बाहर वालों की आवाजाही देखकर लोगों को शक हुआ और बात पुलिस तक पहुंच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने दबिश दी। अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। युवक और लड़कियां लैपटॉप और मोबाइल के जरिए वीडियो कॉल पर अश्लील हरकतें कर रही थीं। मौके से लैपटॉप, वेबकैम, मोबाइल फोन और कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे वेबसाइटों पर फर्जी नाम और नकली आईडी बनाकर लोगों को वीडियो कॉल से जोड़ते थे और अश्लीलता दिखाकर पैसे वसूलते थे। बताया जा रहा है कि यह धंधा सिर्फ गाजियाबाद तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके तार दूसरे शहरों से भी जुड़े हो सकते हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस रैकेट में और कौन लोग शामिल हैं और अब तक कितनी कमाई की जा चुकी है। फिलहाल इलाके में इस कार्रवाई के बाद हड़कंप मचा हुआ है।







