हरदोई । ब्यूरो रिपोर्ट

2026 नव वर्ष के रूप में धूमधाम से मनाया जा रहा है वही आने वाले गणतंत्र दिवस 2026 के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड का पुलिस अधीक्षक द्वारा गहन निरीक्षण किया गया। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बावजूद पुलिसकर्मियों ने अनुशासित ढंग से परेड में हिस्सा लिया।
परेड ग्राउंड में पहुंचते ही एसपी ने टुकड़ियों की सलामी ली और एक-एक कर सभी दलों का निरीक्षण किया। इस दौरान ड्रिल, अनुशासन और एकरूपता पर विशेष ध्यान दिया गया। एसपी ने पुलिसकर्मियों को गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के मद्देनजर सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
फिटनेस और अनुशासन पर रहा जोर
निरीक्षण के दौरान एसपी ने कहा कि परेड का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रखना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मजबूत फिटनेस ही बेहतर कानून-व्यवस्था की बुनियाद होती है। इसके साथ ही उन्होंने समय पालन और टीम वर्क को और मजबूत करने पर जोर दिया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए अहम निर्देश
गणतंत्र दिवस नजदीक होने के कारण परेड पर विशेष फोकस किया जा रहा है। एसपी ने साफ कहा कि राष्ट्रीय पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को सतर्क रहकर अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
डायल 112 और पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण
परेड के बाद एसपी ने पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने डायल 112 सेवा का निरीक्षण किया और वहां तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। आपातकालीन स्थितियों में त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के समय सहायक पुलिस अधीक्षक शादाब एवं प्रतीक्षा भी मौके पर मौजूद रहे।







